Bihar : मुजफ्फरपुर के गोपालपुर गांव की तंग गलियों में एक दहशत भरी सरगोशी दौड़ रही थी। एक ऐसी कहानी, जिसमें इश्क ने रिश्तों का खून कर दिया। मोहब्बत में अंधी हुई सोनी कुमारी ने अपने ही ससुर को प्रेमी के कहने पर जहर देकर मौत की नींद सुला दिया। गांव की चौपालों से लेकर पुलिस थाने तक, हर जुबां पर बस यही सवाल था, क्या एक औरत अपने ही घर के बुजुर्ग का खून कर सकती है? लेकिन जब पुलिस ने संदेही गुनहगार बहू को गिरफ्तार किया, तो उसने खुद अपना गुनाह कबूल कर लिया।
मृतक के बेटे पंकज कुमार ने मीडिया को बताया कि उनकी पत्नी सोनी कुमारी का गांव के ही राणा पासवान से रिश्ता था। राणा कोई आम लड़का नहीं, बल्कि इलाके का दबंग था। जिसके इशारे पर सोनी ने अपने ही ससुर को जहरीला खाना खिला दिया। इल्जाम है कि राणा न सिर्फ सोनी का इश्क था, बल्कि उसके पूरे परिवार के लिए काल बन चुका था। परिवार का कहना है कि 28 दिसंबर की रात राणा अपने गुर्गों के साथ घर पर हमला करने आया था, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। फिर 23 फरवरी की रात सोनी ने प्रेमी के इशारे पर अपने ही घर के बुजुर्ग की जान ले ली। अब गांव में सनसनी फैली है, लोग सदमे में हैं। पुलिस ने सोनी और उसके प्रेमी समेत पांच लोगों पर FIR दर्ज कर ली है।












