Kohramlive : फुटबॉल की दुनिया के महानतम खिलाड़ियों में शुमार Cristiano Ronaldo ने अपने संन्यास को लेकर बड़ा संकेत दिया है। 41 साल के पुर्तगाली स्टार ने कहा है कि 2026-27 का सीजन संभवतः फुटबॉल में उनका आखिरी सीजन हो सकता है। हालांकि, उन्होंने अभी आधिकारिक तौर पर संन्यास की घोषणा नहीं की है। रोनाल्डो ने Vogue को दिये इंटरव्यू में अपने भविष्य को लेकर बात करते हुये कहा कि वह फुटबॉल से विदाई के बाद एक शानदार विरासत छोड़ना चाहते हैं। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब वह अपने करियर के एक बेहद खास मुकाम के करीब खड़े हैं।
1000 गोल से सिर्फ 24 गोल दूर
रोनाल्डो के करियर का अगला सबसे बड़ा लक्ष्य 1,000 प्रोफेशनल गोल का आंकड़ा छूना है। उनके नाम फिलहाल 976 गोल दर्ज हैं और ऐतिहासिक आंकड़े तक पहुंचने के लिये उन्हें सिर्फ 24 और गोल करने हैं। अगर वह यह उपलब्धि हासिल करते हैं, तो 1,000 गोल तक पहुंचने वाले फुटबॉल इतिहास के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में उनका नाम और भी खास हो जायेगा। रोनाल्डो ने इंटरव्यू में कहा कि “यह शायद फुटबॉल में मेरा आखिरी साल है और मैं एक शानदार विरासत छोड़ना चाहता हूं।” हालांकि, उनके शब्दों में ‘शायद’ महत्वपूर्ण है। इसका मतलब यह है कि फिलहाल उनका संन्यास तय नहीं माना जा सकता। वह 2026-27 सीजन के बाद भी खेलना जारी रख सकते हैं।
संन्यास के बाद की जिंदगी का भी बना रखा है प्लान
फुटबॉल से दूर होने के बाद की जिंदगी को लेकर भी रोनाल्डो ने खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि उनका भविष्य पहले से तय है और उनके पास खुद को व्यस्त रखने के लिये कई योजनाएं हैं। रोनाल्डो के मुताबिक, फुटबॉल छोड़ने के बाद उनके जीवन में एक बड़ा खालीपन पैदा हो सकता है। इसलिये वह इस खालीपन को अलग-अलग गतिविधियों से भरना चाहते हैं। उन्होंने परिवार के साथ समय बिताने, यात्रा करने और पैडल खेलने व देखने की इच्छा जताई। रोनाल्डो ने अपने लगभग 25 साल लंबे फुटबॉल करियर के दौरान सफलता के साथ-साथ काफी त्याग भी किया है। क्लब फुटबॉल से लेकर पुर्तगाल की राष्ट्रीय टीम तक उन्होंने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।








