Ranchi : रांची के पुंदाग इलाके में शनिवार दोपहर सनसनी मच गई, जब जमीन कारोबारी कैसर अमीन ने अपने घर में खुद को गोली मार ली। घटना अमन ग्रीन सिटी की है। गोली चलने की आवाज सुनते ही घरवाले और पड़ोसी जब कमरे में पहुंचे तो कैसर लहूलुहान हालत में मिले, पास में उनकी लाइसेंसी पिस्टल पड़ी थी।
घायल कैसर को फौरन अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हथियार जब्त कर लिया और FSL टीम ने कमरे की बारीकी से जांच की। शुरुआती जांच में मामला डिप्रेशन में उठाये गये कदम का बताया जा रहा है। पुंदाग ओपी प्रभारी दीपक नारायण सिंह के अनुसार, कैसर अमीन ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद पर गोली चलाई थी। फिलहाल डॉक्टरों की टीम ऑपरेशन कर गोली निकालने में जुटी है, और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।












