Ranchi/Ramgarh (Pawan Thakur/Saurabh Verma) : राह में कांटा बने भाई रोहित का मर्डर कर उसे घर के अंदर ही एक कमरे में दफना दिया गया। गुजरे ढाई माह से रहस्यमय ढंग से गायब रोहित का अंतिम लोकेशन रांची के चांदनी चौक कांके में मिला था। टेक्निकल सेल की मदद से जांच में जुटी पुलिस को एक क्लू मिला। शंका के आधार पर पुलिस ने गायब रोहित की बहन चंचला कुमारी को उठा लिया। पूछताछ में वह टूट गई। अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने जो कुछ पुलिस को बताया, उसे सुन पुलिस का माथा ठनक गया। पुलिस को सहसा यकीन नहीं हुआ कि कोई बहन इतनी क्रूर हो सकती है। भाई का खून कर उसके डेड बॉडी को घर के अंदर ही दफना दिया था। खुदगर्ज बहन ने भाई का खून करने के पीछे छुपी कहानी के बारे में जो राज उगला है, वह हैरान करने वाली है। रोहित को मारने से लेकर उसे ठिकाने लगाने तक के सफर में उसके एक हमसफर ने पूरा साथ दिया। अब पुलिस इस कथित हमसफर को खोज रही है। चंचला कुमारी की क्रूरता की कहानी जिस किसी ने सुनी, वह दंग है। यह सनसनीखेज वारदात रामगढ़ के पतरातू थाना क्षेत्र के पंच मंदिर पंचायत क्षेत्र में हुई। यहां रोड नंबर 33 में क्वार्टर नंबर एफ-235 में दफन डेड बॉडी मिली। गिरफ्तार चंचला कुमारी की निशानदेही पर घर के एक कमरे से लाश बरामद कर ली गई। शनिवार को उसे पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया। गिरफ्तार चंचला कुमारी रिश्ते में रोहित की बहन लगती थी। इस कांड का खुलासा करने में चुटिया के थानेदार वेकेटेंस कुमार और पतरातू पुलिस की सराहनीय भूमिका रही।
घटना को लेकर अबतक जो बातें सामने आई है, उसके अनुसार पतरातू के बरतुआ गांव में रहनेवाला रोहित कुमार बीते 30 जून को रहस्यमय ढंग से गायब हो गया। उसके पिता नरेश महतो और बाकी अन्य नाते रिश्तेदारों ने गायब रोहित को बहुत खोजा, पर उसका कुछ पता नहीं चला। उसके पिता नरेश महतो ने पुलिस को बताया था कि बीते 24 जून को रोहित अपने ममेरे भाई दिलीप महतो के पास रहने के लिये घर से निकला था। दिलीप का घर रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में है। खोजबीन में पता चला कि बीते 30 जून को बेटी चंचला कुमारी ने अपने भाई रोहित को फोन कर अपने घर बुलाया था। रोहित को रिसिव करने चंचला कुमारी रांची के चांदनी चौक, कांके बस स्टैंड तक आई थी। चांदनी उसे अपने साथ रामगढ़ ले गई थी। रोहित के गुम हो जाने के संबंध में रांची के चुटिया थाने में एक रपट दर्ज कराई गई थी। पहले से तय प्लानिंग के अनुसार बहन चंचला कुमारी ने भाई रोहित का काम तमाम कर दिया। घर के एक कमरे में ही गढ्ढा खोदकर उसे दफना दिया। चंचल कुमारी के इस महापाप में उसका हमसफर पूरा साथ देता रहा। चंचला अपने घर में अकेली रहा करती थी। शादी को लेकर उसके एक फैसला से उसके घर के लोग भी दुखी थे।
इसे भी पढ़ें : रहस्यमय ढंग से गायब आलम इस हालत में मिला… भाई ने मॉबलिंचिंग का लगाया इल्जाम
इसे भी पढ़ें : एक्टिव मोड में हजारीबाग पुलिस-प्रशासन, माफियाओं में हड़कंप… देखें






