New Delhi : भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) के अगले नियुक्ति के लिये केंद्र सरकार ने प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू कर दी है। मौजूदा CJI बीआर गवई का कार्यकाल 23 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है। सूची में पहले स्थान पर न्यायमूर्ति सूर्यकांत हैं, जो वरिष्ठता के हिसाब से अगले CJI बनने के लिये पहले पायदान पर हैं। सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों की नियुक्ति, स्थानांतरण और पदोन्नति के मार्गदर्शन के तहत भारत के मुख्य न्यायाधीश का पद सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश को ही सौंपा जाता है, जिन्हें पद संभालने के योग्य माना जाये। केंद्रीय कानून मंत्री मौजूदा CJI से सिफारिश मांगेंगे, जो परंपरागत रूप से उनकी 65 वर्ष की आयु सेवानिवृत्ति के एक महीने पहले किया जाता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, न्यायमूर्ति सूर्यकांत वर्तमान में मुख्य न्यायाधीश के बाद सबसे वरिष्ठ हैं। जैसी संभावना है, अगर वैसा हुआ तो उनका कार्यकाल 24 नवंबर 2025 से 9 फरवरी 2027 तक होगा, लगभग 15 महीने का।
शिक्षा और न्यायिक यात्रा
- जन्म: 10 फरवरी 1962, हिसार, हरियाणा
- स्नातक: 1981, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हिसार
- विधि स्नातक: 1984, महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक
- वकालत शुरुआत: 1984, हिसार जिला न्यायालय
- 7 जुलाई 2000: हरियाणा के सबसे युवा महाधिवक्ता नियुक्त
- 24 मई 2019: भारत के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत
- सेवानिवृत्ति: 9 फरवरी 2027












