Ranchi : झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ कई दिनों से चल रहा छात्र आंदोलन फिलहाल समाप्त हो गया है। JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच ने मंगलवार को आंदोलन खत्म करने का ऐलान करते हुये राज्य सरकार को दो महीने का अल्टीमेटम दिया है। छात्रों ने साफ कहा है कि यदि तय समय में निष्पक्ष जांच पूरी नहीं हुई, तो वे फिर हजारों की संख्या में रांची लौटेंगे और इस बार CBI जांच उनकी सबसे बड़ी मांग होगी। रिफॉर्म मंच की कोर कमेटी की बैठक में फैसला लिया गया कि सरकार ने कई मांगों पर कार्रवाई शुरू की है, इसलिए उसे जांच पूरी करने का अवसर दिया जाये। छात्रों के मुताबिक, दो महीने के भीतर JPSC-JSSC से जुड़े सभी मामलों की पारदर्शी जांच पूरी होनी चाहिये।
‘आंदोलन के दबाव में झुकी सरकार’
छात्र नेताओं का दावा है कि उनके आंदोलन का असर साफ दिखाई दिया। उनका कहना है कि सरकार ने 22 भर्ती परीक्षाएं रद्द की हैं और कई अन्य परीक्षाओं की जांच भी जारी है। यही वजह है कि फिलहाल धरना स्थगित किया गया है, खत्म नहीं। इस विवाद को लेकर अलग-अलग छात्र गुट आंदोलन चला रहे थे। सोमवार देर शाम देवेंद्रनाथ गुट ने भी अपना आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की थी। इसके बाद मंगलवार को रिफॉर्म मंच ने भी धरना खत्म कर दिया। जिला प्रशासन ने छात्रों से धरना स्थल खाली कर घर लौटने की अपील की थी। अब प्रदर्शनकारी वापस लौटने लगे हैं। हालांकि छात्रों का कहना है कि यह लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है, दो महीने बाद सरकार की जांच ही तय करेगी कि आंदोलन फिर सड़कों पर लौटेगा या नहीं।








