Giridih : गिरिडीह नगर निगम में मेयर की कुर्सी के बाद डिप्टी मेयर पद पर भी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने कब्जा जमा लिया है। झामुमो के केंद्रीय समिति सदस्य सुमित कुमार को डिप्टी मेयर पद के लिये निर्विरोध चुना गया, जिसके बाद समाहरणालय परिसर में राजनीतिक हलचल और उत्साह का माहौल दिखा। समारोह के दौरान उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त मनोज कुमार ने नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर मेयर प्रमिला मेहरा एवं नगर निगम के 36 वार्ड पार्षद ने शपथ ली। कार्यक्रम में DC राम निवास यादव, उप नगर आयुक्त स्मिता कुमारी भी मौजूद रहीं। शपथ ग्रहण के बाद डिप्टी मेयर पद के लिये प्रक्रिया पूरी की गई। निर्वाची पदाधिकारी सह उप नगर आयुक्त स्मिता कुमारी ने घोषणा की कि सुमित कुमार को निर्विरोध डिप्टी मेयर चुना गया है। इस घोषणा के साथ ही नगर निगम में झामुमो की राजनीतिक पकड़ और मजबूत हो गई। गिरिडीह के DC राम निवास यादव ने सभी नव निर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुये कहा कि जनता ने जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरना जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी वार्ड पार्षद बिना किसी द्वेष के लोगों की सेवा करेंगे। शहर के विकास को प्राथमिकता देंगे। मेयर प्रमिला मेहरा ने कहा कि नगर निगम की नई टीम पूरी ईमानदारी के साथ शहर के विकास के लिये काम करेगी। नव निर्वाचित डिप्टी मेयर सुमित कुमार ने भरोसा जताया कि सभी पार्षदों के साथ मिलकर आगे की रणनीति तय की जायेगी।
इसे भी पढ़ें : BJP की पहली लिस्ट, किसे-कहां से मिला टिकट… देखें






