Giridih : गिरिडीह के निमियाघाट थाना क्षेत्र के घुटवाली के पास पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय सदस्य राकेश महतो की अपराधियों ने बेरहमी से हत्या कर दी। पहचान छिपाने की नीयत से शव को जलाने की भी कोशिश की गई। घटना डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत खेत के पास की बताई जा रही है। सुबह खेत की ओर गई एक महिला ने अधजला शव देखा और सूचना दी। देखते ही देखते खबर आग की तरह फैल गई। हत्या से गुस्साये ग्रामीणों ने डुमरी-फुसरो रोड जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी व उच्च स्तरीय जांच की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि गिरफ्तारी तक जाम जारी रहेगा। निमियाघाट थाना और डुमरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की है। शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। फोरेंसिक टीम के आने का इंतजार किया जा रहा है।
राजनीतिक हलकों में हलचल
राकेश महतो झामुमो के कद्दावर नेताओं में गिने जाते थे। उनकी हत्या के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई ने बताया कि बीती शाम ही उनसे मुलाकात हुई थी। पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है।












