Ranchi : झारखंड की बेटियों ने एक बार फिर राष्ट्रीय हॉकी में अपना दम दिखाया है। पुणे में खेली जा रही 16वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 के क्वार्टर फाइनल में हॉकी झारखंड ने ओडिशा को पेनाल्टी शूटआउट में 4-3 से हराकर लगातार 14वीं बार सेमीफाइनल में जगह बना ली। मुकाबला शुरुआत से ही बेहद रोमांचक रहा। दूसरे क्वार्टर के 24वें मिनट में ओडिशा ने पहला गोल कर बढ़त बना ली, लेकिन झारखंड ने हार नहीं मानी। तीसरे क्वार्टर में मिले पेनाल्टी कॉर्नर को कप्तान रजनी केरकेट्टा ने शानदार गोल में बदलकर स्कोर 1-1 कर दिया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं और फैसला शूटआउट से हुआ।
शूटआउट में सलोमी नाग, अनुप्रिया सोरेंग, स्वीटी डुंगडुंग और रजनी केरकेट्टा ने गोल दागे, जबकि गोलकीपर गंगी बरला ने ओडिशा के दो अहम प्रयास रोककर झारखंड की जीत पक्की कर दी। शानदार प्रदर्शन के लिए संगीता कुमारी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इससे पहले झारखंड ने ग्रुप चरण में हॉकी चंडीगढ़ को 6-0 और हॉकी पंजाब को 3-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी। अब टीम की नजर लगातार 14वीं बार सेमीफाइनल के बाद खिताब जीतने पर टिकी है।
![]()










