Ranchi : झारखंड में पुलिस व्यवस्था अब डिजिटल दौर में एक और बड़ा कदम रखने जा रही है। जल्द ही राज्य में संदिग्धों और आरोपितों को समन सीधे मोबाइल या ई-मेल पर भेजा जा सकेगा। इस नई व्यवस्था को लागू करने की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। अब झारखंड पुलिस भी ई-समन प्रणाली को लागू करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। अब तक समन भेजने की प्रक्रिया कागजी होती थी, जिसमें समय और पुलिस बल दोनों ज्यादा लगते थे। लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद पुलिस इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से समन भेज सकेगी, ठीक उसी तरह जैसे कई केंद्रीय एजेंसियां पहले से कर रही हैं। इस प्रणाली को लागू करने के लिये राज्य के हर जिले में एक नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया जायेगा। पुलिस मुख्यालय की ओर से रांची, जमशेदपुर एवं धनबाद सहित सभी जिलों के पुलिस कप्तानों को इस संबंध में निर्देश भेजे गये हैं। पुलिस मुख्यालय में CCTNS के नोडल पदाधिकारी सह DIG कार्तिक एस. ने सभी जिलों को पत्र भेजकर कहा है कि 8 मार्च तक जिला नोडल अधिकारी का नाम और विवरण भेज दिया जाये। यह पूरी प्रक्रिया Crime and Criminal Tracking Network & Systems (CCTNS) के माध्यम से संचालित की जायेगी। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली में समय की बचत, कागज की बचत, मैनपावर की बचत होगी और समन मिलने में देरी जैसी शिकायतें भी काफी हद तक खत्म होंगी।
नये आपराधिक कानूनों के अनुरूप व्यवस्था
ई-समन प्रणाली को नये आपराधिक कानूनों के अनुरूप लागू किया जा रहा है, जिनमें Bharatiya Nyaya Sanhita (BNS), Bharatiya Nagarik Suraksha Sanhita (BNSS), Bharatiya Sakshya Adhiniyam (BSA), इन कानूनों के तहत समन जारी होने से लेकर उसकी तामिला तक की प्रक्रिया इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से की जा सकेगी। इस व्यवस्था को लागू करने के लिये National Informatics Centre (NIC) ने एक विशेष ई-समन ऐप तैयार किया है। जिला स्तर पर बने नोडल अधिकारी अपने यूजर ID से थानों के पदाधिकारियों के लिये भी लॉग-इन आईडी तैयार करेंगे।












