Bihar : मोकामा से नवनिर्वाचित जदयू विधायक अनंत सिंह उर्फ छोटे सरकार को विधायक पद की शपथ लेने की अनुमति मिल गई है। एमपी-एमएलए कोर्ट के विशेष न्यायाधीश प्रवीण कुमार मालवीय की अदालत ने दुलारचंद यादव हत्याकांड में बेऊर जेल में बंद अनंत सिंह को मंगलवार को बिहार विधानसभा में शपथ लेने की इजाजत दी है। कोर्ट के आदेश के साथ ही उनकी विधायकी को लेकर चल रहा सस्पेंस खत्म हो गया है। अदालत के निर्देश पर अनंत सिंह को कड़ी सुरक्षा में जेल से सीधे विधानसभा लाया जायेगा। शपथ लेने के बाद उन्हें दोबारा बेऊर जेल भेज दिया जायेगा, क्योंकि उनकी नियमित जमानत अब तक मंजूर नहीं हुई है। गौरतलब है कि चुनाव के दौरान हुई दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में अनंत सिंह सहित तीन आरोपित न्यायिक हिरासत में हैं। कोर्ट की इस सीमित राहत ने फिलहाल बिहार की राजनीति में बनी अनिश्चितता पर विराम लगा दिया है।














