West Bengal : क्रिकेट के मैदान पर दिल्ली कैपिटल्स की जर्सी में नजर आने वाले युवा बल्लेबाज अभिषेक पोरेल अब एक गंभीर आपराधिक मामले को लेकर सुर्खियों में हैं। मेडिकल की एक छात्रा की शिकायत पर दर्ज मामले में पोरेल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला ने आरोप लगाया है कि क्रिकेटर ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाये और बाद में उसके साथ मारपीट, दुर्व्यवहार तथा आपराधिक धमकी दी। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक पोरेल की गिरफ्तारी हुगली जिले की पुलिस ने की है। यह कार्रवाई कलकत्ता हाईकोर्ट के उस निर्देश के बाद हुई, जिसमें पुलिस को पोरेल को गिरफ्तार करने और उसके इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त करने का आदेश दिया गया था।
तीन साल के रिश्ते का दावा, फिर रिश्ते में आई दरार
शिकायत के मुताबिक, महिला और अभिषेक पोरेल के बीच करीब तीन साल से संबंध थे। महिला का दावा है कि दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत भी हुई थी और परिवारों को भी इस रिश्ते की जानकारी थी। लेकिन बाद में रिश्ते में खटास आने लगी और पोरेल ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। महिला ने आरोप लगाया कि शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाये गये, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया गया। मामले में यौन उत्पीड़न के साथ मारपीट और आपराधिक धमकी जैसे गंभीर आरोप भी लगाये गये हैं। कलकत्ता हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता की ओर से आरोप लगाया गया कि आरोपी के पास उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो मौजूद हैं और उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी दी गई।इसी वजह से अदालत ने पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त करने का निर्देश दिया था, ताकि निजी सामग्री का कथित तौर पर प्रसार रोका जा सके। मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर शिकायतकर्ता ने हाईकोर्ट का रुख किया था। बीते 14 जुलाई के आदेश में कलकत्ता हाईकोर्ट ने पुलिस को अभिषेक पोरेल और एक अन्य आरोपी को तलाशकर गिरफ्तार करने का निर्देश दिया था। अदालत ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भी कब्जे में लेने को कहा था। वहीं, अभिषेक पोरेल की ओर से पहले इन आरोपों से इनकार किया गया था।















