Kohramlive : IPL 2026 के मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को होगा। कुल 350 खिलाड़ियों की शॉर्टलिस्ट जारी हुई है, लेकिन फ्रेंचाइजियां केवल 77 खिलाड़ियों को खरीद सकेंगी। इनमें से 30 स्लॉट विदेशी खिलाड़ियों के लिये आरक्षित हैं। इस बार 110 विदेशी खिलाड़ियों में से 20 खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया से हैं, जिन पर टीमों की निगाहें टिकी हुई हैं। ऑस्ट्रेलियाई स्टार ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन इस मिनी ऑक्शन के सबसे बड़े आकर्षण माने जा रहे हैं। MI ने उन्हें 2023 में 17.5 करोड़ में खरीदा था। इस बार वे बतौर बल्लेबाज रजिस्टर्ड हुये हैं। उम्मीद है कि उन पर टीमों के बीच फिर बड़ी बोली लग सकती है। उधर जेक फ्रेजर-मैकगर्क, जिन्होंने 2024 IPL में 4 अर्धशतक लगाये थे, लेकिन 2025 में खराब फॉर्म की वजह से रिलीज हुये, फिर से टीमों की रुचि आकर्षित कर सकते हैं। अनुभवी बल्लेबाज़ स्टीव स्मिथ कैप्ड बल्लेबाज़ों के दूसरे सेट में शामिल हैं, लेकिन उन्होंने 2021 के बाद IPL नहीं खेला। पिछले दो ऑक्शन में अनसोल्ड रहे। इस बार उन पर बोली लगेगी या नहीं, ये देखना दिलचस्प होगा। उभरते खिलाड़ियों में कूपर कोनोली और तेज गेंदबाज झाय रिचर्डसन IPL में वापसी की उम्मीद में सूचीबद्ध हैं।
स्पेंसर जॉनसन और बेहरेनडॉर्फ पर निगाहें
तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन, जो पिछले सीजन में चोटिल होने के कारण नहीं खेले, इस बार 1.5 करोड़ बेस प्राइस पर उपलब्ध हैं। अनुभवी जेसन बेहरेनडॉर्फ, जिन्होंने BBL 14 में सबसे ज्यादा विकेट लिये थे, टीमों के रडार पर हैं और उन पर जोरदार दांव लग सकता है। अनकैप्ड ऑलराउंडर निखिल चौधरी को ऑस्ट्रेलियाई लिस्ट में दिखाया गया है, जबकि IPL की आधिकारिक सूची में उन्हें अनकैप्ड भारतीय बताया गया है। वे ऑस्ट्रेलिया में घरेलू क्रिकेट और BBL खेलते हैं, लेकिन ऐसा तभी संभव है जब खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट से संन्यास ले, BCCI से NOC प्राप्त करे। फिलहाल निखिल भारतीय नागरिक हैं। IPL 2026 में उपलब्ध प्रमुख ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों में कैमरन ग्रीन, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, स्पेंसर जॉनसन, स्टीव स्मिथ, सीन एबॉट, बेन ड्वारशुइस, डेनियल सैम्स, मैथ्यू शॉर्ट, जोश इंग्लिस, बेन मैकडरमॉट, कूपर कोनोली, विल सदरलैंड, ब्यू वेबस्टर, रिले मेरेडिथ, झाय रिचर्डसन, जेसन बेहरेनडॉर्फ, वेस एगर, बिली स्टैनलेक, निखिल चौधरी, जैक एडवर्ड्स के नाम शामिल हैं।





