Kohramlive : उत्तराखंड STF और रुद्रपुर कोतवाली पुलिस की साझा कार्रवाई में एक बड़े अंतर्राज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस ने 32 साल के मोहम्मद आसिम, (निवासी ग्राम धनसारा बाजपुर) को काशीपुर फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया। उसकी गिरफ्तारी के साथ भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद हुये, उसका संबंध 2016 के चर्चित नाभा जेल ब्रेक कांड से भी सामने आया है। उसके पास से 4 ऑटोमेटिक पिस्टल, 1 डबल बैरल बंदूक, 40 से अधिक जिंदा गोलियां एवं एक बाइक मिली।
STF के अनुसार, आसिम अपने पिता और भाई के साथ बाजपुर स्थित ‘नक्श गन हाउस’ से हथियारों की सप्लाई करता था। गौरतलब है कि इसी गन हाउस पर वर्ष 2023 में NIA ने छापा मारा था, जहां गैंगस्टरों को हथियार उपलब्ध कराने का मामला उजागर हुआ था। पूछताछ में आसिम ने स्वीकार किया कि पिछले 10 वर्षों में उसने अवैध हथियारों की व्यापक सप्लाई की। उसका नेटवर्क उधम सिंह नगर के अलावा आसपास के जिलों और पड़ोसी राज्यों तक फैला हुआ था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस गिरफ्तारी से एक बड़े अवैध नेटवर्क की कड़ियाँ खुलने लगी हैं।
नाभा जेल ब्रेक कांड से कनेक्शन
27 नवंबर 2016 को पंजाब की मैक्सिमम सिक्योरिटी जेल, नाभा पर हथियारबंद बदमाशों ने हमला कर दो आतंकियों और चार गैंगस्टरों को छुड़ा लिया था। उस हमले में 100 से अधिक गोलियां इस्तेमाल हुये थे, जिनकी सप्लाई का लिंक आरोपी आसिम से जुड़ा हुआ है। यह कनेक्शन सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया है।










