Kohramlive : देशभर में घरेलू रसोई गैस के दाम एक बार फिर बढ़ गये हैं। शनिवार, 7 मार्च से 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। वहीं 19 किलोग्राम के कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम भी 115 रुपये बढ़ा दिये गये हैं, जिसका सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों पर पड़ेगा।
नई दरों के मुताबिक दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गया है। मुंबई में इसकी कीमत 852.50 रुपये से बढ़कर 912.50 रुपये हो गई है। चेन्नई में अब सिलेंडर 928.50 रुपये का मिलेगा, जबकि कोलकाता में भी कीमत में बढ़ोतरी लागू हो गई है।
वहीं व्यावसायिक सिलेंडर की बात करें तो दिल्ली में 19 किलो का सिलेंडर अब 1883 रुपये का हो गया है, जो पहले 1768.50 रुपये था। मुंबई में यह 1835 रुपये, कोलकाता में 1990 रुपये और चेन्नई में 2043.50 रुपये में मिलेगा। नई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। गौरतलब है कि घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में पिछला बदलाव अप्रैल 2025 में हुआ था। ऐसे में करीब एक साल बाद हुई यह बढ़ोतरी आम उपभोक्ताओं की रसोई का बजट बढ़ा सकती है।
इस बीच केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री Hardeep Singh Puri ने कहा है कि देश में ऊर्जा की कोई कमी नहीं है और सरकार नागरिकों को किफायती व टिकाऊ ईंधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उधर Indian Oil Corporation ने भी सोशल मीडिया पर फैल रही पेट्रोल-डीजल की कमी की खबरों को खारिज करते हुये कहा कि देश में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है और सप्लाई नेटवर्क सामान्य रूप से काम कर रहा है।




