Kohramlive : रिसेप्शन हो गया, मेहमान भी आये, लेकिन दूल्हा-दुल्हन वीडियो कॉल पर दिखे। कारण था इंडिगो एयरलाइंस की बड़ी अव्यवस्था। पिछले चार दिनों में एयरलाइन ने 1,000 से ज्यादा फ्लाइटें कैंसिल कर दीं, और इसी अफरातफरी का शिकार बने नई शादीशुदा सॉफ्टवेयर इंजीनियर कपल मेधा क्षीरसागर और संगम दास। दोनों ने 23 नवंबर को भुवनेश्वर में शादी की थी। रिसेप्शन 2 दिसंबर को हुब्बाली में तय था। प्लान था भुवनेश्वर से बेंगलुरु पहुंचना, वहां से हुब्बाली जाकर रिसेप्शन में शामिल होना, लेकिन ठीक रवाना होने से पहले ही उनकी इंडिगो फ्लाइट कैंसिल हो गई। उन्होंने दूसरी उड़ान की कोशिश की, वह भी कैंसिल। यानी रिसेप्शन में पहुंचना अब नामुमकिन।
सब तैयार, पर दूल्हा-दुल्हन गायब
हुब्बाली में मेधा की फैमिली पूरी तैयारी कर चुकी थी। स्टेज चमचमा रहा था, मेहमान आ चुके थे, खाना लग चुका था,
ऐसे में इवेंट रोकना असंभव था। आखिरकार परिवार ने तकनीक का सहारा लिया। दुल्हन मेधा और दूल्हा संगम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से रिसेप्शन अटेंड किया। मेहमानों ने बड़े स्क्रीन पर कपल को देखा, कुछ चकित थे, कुछ दुखी, मगर सभी ने उनकी खुशी में शामिल होकर इस अनोखे रिसेप्शन को यादगार बना दिया। मेधा की मां ने कहा “इतने कम समय में कार्यक्रम रोकना मुश्किल था, इसलिये वीडियो कॉल ही सबसे अच्छा विकल्प था।” यह घटना कर्नाटक के हुब्बाली से सामने आई है।








