Kohramlive : ऑस्ट्रेलिया की धरती पर भारतीय क्रिकेट टीम अपनी इज्जत बचाने के लिये मैदान में उतरेगी। तीन मैचों की वनडे सीरीज पहले ही गंवा चुकी टीम इंडिया की नजरें अब क्लीन स्वीप से बचने पर होंगी। यह मुकाबला अब सिर्फ आंकड़ों का नहीं, अभिमान और अस्तित्व का है। भारत अब तक दोनों मैचों में ऑस्ट्रेलिया के सामने टिक नहीं सका। पहले पर्थ में बारिश बनी बाधा, फिर एडिलेड में गेंदबाजों की बेअसरियत ने सपना तोड़ दिया। अक्षर पटेल और सिराज के छूटे कैचों ने जैसे जीत की डोर को हवा में ही छोड़ दिया। फील्डिंग, गेंदबाजी और रणनीति, तीनों मोर्चों पर भारत कमजोर साबित हुआ। स्टेडियम में कल जब रोहित और कोहली मैदान पर उतरेंगे, तो सिडनी की हवा में भावनाओं का समंदर उमड़ेगा।
कहा जा रहा है कि शायद यह दोनों दिग्गजों का आखिरी ऑस्ट्रेलिया दौरा हो। रोहित ने एडिलेड में शानदार अर्धशतक से वापसी की, लेकिन कोहली लगातार दो मैचों में शून्य पर आउट होकर खामोश हैं। चोटिल हार्दिक पांड्या की अनुपस्थिति ने टीम का संतुलन बिगाड़ दिया है। उनकी जगह आये नीतीश रेड्डी को दो मैचों में मौका मिला, पर वह उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाये। गेंद से भी असर नहीं दिखा सके और बल्ले से भी संघर्ष जारी है। सिडनी में टीम इंडिया अपनी गेंदबाजी में नयापन ला सकती है। कलाई के जादूगर कुलदीप यादव को वाशिंगटन सुंदर की जगह मौका मिल सकता है। वहीं हर्षित राणा की जगह अनुभवी प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में लाया जा सकता है।
संभावित प्लेइंग-11
भारत:
रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नीतीश रेड्डी, कुलदीप यादव/वाशिंगटन सुंदर, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह।
ऑस्ट्रेलिया:
मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रेविस हेड, मैथ्यू शॉर्ट, मैट रेनशॉ, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, मिचेल ओवन, जेवियर बार्टलेट, मिचेल स्टार्क, एडम जांपा, जोश हेजलवुड।










