UP : यूपी के शाहजहांपुर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। अवैध संबंधों के जुनून में एक पत्नी ने अपने ही पति की जिंदगी की डोर काट दी और इस साजिश में उसका साथ उसी के भांजे ने दिया। यह मामला पुवायां थाना क्षेत्र का है, जहां पूजा नामक महिला ने भांजे आदेश के साथ मिलकर पति बलराम की हत्या कर दी। आदेश के गांव सलेमपुर डर्रा के कुछ लोगों ने मीडिया को बताया कि पूजा एक बार गांव आई थी। यहीं से आदेश और पूजा के बीच नाजायज रिश्तों की शुरुआत हुई। पूजा आदेश के साथ रहने की जिद पर अड़ गई। पहली बार गांव वालों ने समझा-बुझाकर उसे घर भेजा। दूसरी बार भी पंचायत बैठी, फिर घर वापसी हुई। तीसरी बार मामला पुलिस तक जा पहुंचा और पूजा को पुलिस ले गई। पूजा ने पुलिस को बताया कि वह एक बार आदेश से गर्भवती भी हुई थी, लेकिन गर्भपात करा दिया गया। हैरानी की बात यह कि तीन बार सबकुछ होने के बाद भी बलराम पत्नी को साथ रखने को तैयार हो गया था।
खुला दरवाजा बना मौत की राह
पूछताछ में पूजा ने पुलिस को बताया कि घटना वाली रात उसकी बड़ी बेटी कथा सुनने गई थी। उसी उम्मीद में दरवाजा खुला रह गया। बरामदे में बलराम चारपाई पर था, पूजा पास ही सोई थी। रात करीब 12 बजे आदेश दो अन्य लोगों के साथ घर में दाखिल हुआ। पूजा के मुताबिक, आदेश अपने मामा को हर हाल में मारना चाहता था। हालात ऐसे बने कि वह भी साजिश का हिस्सा बन गई। पूजा ने स्वीकार किया कि उसने पति के पैर दबोचे, दो अन्य लोगों ने हाथ पकड़े और आदेश ने वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि पूजा बार-बार बयान बदलती रही और खुद को बचाने की कोशिश करती रही। पूजा ने बताया कि घटना के बाद उसे गहरा पछतावा हुआ। पूरी रात वह पति के शव के पास बैठी रही। डर और खुद को बचाने की सोच में उसने किसी को कुछ नहीं बताया। सुबह देवर राजू के आने पर उसने रोना शुरू किया और हत्या की बात कही। पूजा और आदेश के बीच प्रेम प्रसंग एक साल पहले शुरू हुआ था। पूजा का दावा है कि आदेश कई बार मामा की हत्या की बात करता था, जिसे वह टालती रही, लेकिन अंजाम टल न सका। आदेश मजदूरी पर पुताई का काम करता है। फर्नीचर की दुकानों में भी काम करता था। गांव में उसकी छवि सामान्य थी। जब लोगों को पता चला कि उसी ने मामा की हत्या की है, तो हर कोई दंग रह गया। मारा गया बलराम ओपन जिम में इंटरलॉकिंग बिछाने का काम करता था, उसी से परिवार चलता था। पुलिस ने सीतापुर के रहने वाले एक कंपनी कर्मचारी को भी हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ जारी है।












