Ranchi : कांके थाना क्षेत्र में एक परिवार जहां बीते दिन के मुंडन समारोह की थकान समेट रहा था, वहां चुपके से मौत घर के भीतर घात लगाये बैठी थी। दरअसल, राजधानी रांची के कांके के सर्वोदय नगर में रमेश उरांव की उसके ही घर में चाकू से निर्मम हत्या कर दी गई। जब वह देर रात समारोह के बाद घर लौटा, तो एक हमलावर पहले से ही अंधेरे में छुपा बैठा था। मौका मिलते ही उस पर ताबड़तोड़ हमला किया गया। रमेश खून से लथपथ गिर पड़ा। घरवाले अस्पताल ले जा ही रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर एक कार से आया था और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं, और ग्रामीण SP सुमित अग्रवाल ने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा जताया है। हालांकि हत्या का कारण अब भी रहस्य बना हुआ है। इस निर्मम वारदात से इलाके में भारी आक्रोश है। कांके रोड पर लोगों ने गांधी नगर गेट के पास सड़क जाम कर दी, जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई है।












