Ranchi : रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र से एक खौफनाक हत्या का मामला सामने आया है। ग्राम लोधमा में एक युवक की जहर खाने से हुई मौत की गुत्थी सुलझाते हुये पुलिस ने भाभी और उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामला बीते 9 फरवरी का है। सूचना मिली कि लोधमा गांव में युवक शंकर नायक ने जहर खा लिया है। घरवाले उसे इलाज के लिए MGM अस्पताल, जमशेदपुर ले गये, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई के बयान पर तमाड़ थाना में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में जो कहानी सामने आई, वह रिश्तों को शर्मसार करने वाली है।
पुलिस के मुताबिक, शंकर नायक के माता-पिता की मौत के बाद उसकी चचेरी भाभी गीता देवी उसके घर का कामकाज देखती थी। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गये। जब शंकर नायक शादी के लिए लड़की देखने लगा, तो गीता देवी ने इसका विरोध किया। इल्जाम है कि गीता देवी ने अपने पति बलदेव मछुवा के साथ मिलकर शंकर नायक को रास्ते से हटाने की साजिश रची। तय योजना के तहत शंकर को चाय में कीटनाशक दवा मिलाकर पिला दी गई। चाय पीते ही उसकी हालत बिगड़ गई, मुंह से झाग निकलने लगा और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुये गीता देवी और बलदेव मछुवा को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक नाबालिग की भूमिका की भी जांच की जा रही है। तमाड़ थानेदार प्रवीण कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की तैयारी की जा रही है।






