Hazaribagh : “आज गांधी जयंती के पावन अवसर पर मुझे यहां आने का सौभाग्य मिला है। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान 1925 में गांधी जी हजारीबाग आये थे। बापू के विचार, उनकी शिक्षाएं हमारे संकल्पों का हिस्सा हैं। मैं बापू को नमन करता हूं, उन्हें श्रद्धांजलि देता हूं। हमारे देश में आदिवासी जन-नायकों के साथ जैसा अन्याय किया गया वैसा अन्याय दूसरे किसी के साथ नहीं हुआ। कांग्रेस ने अपने एक परिवार को पहचान दिलाने के लिए देश के कोने-कोने में बसे आदिवासी परिवारों की पहचान मिटा दी। आजादी की लड़ाई में इतना बड़ा योगदान देने वाले आदिवासी समाज को कांग्रेस ने कभी महत्व नहीं दिया। सारी योजनाएं एक ही परिवार के बेटे-बेटी के नाम पर, सारी सड़कें, सारी इमारतें, एक ही परिवार के बेटे-बेटी की नाम पर। ऐसी परिवारवादी सोच ने देश का बहुत नुकसान किया। आज मुझे गर्व है कि हमारी सरकार आदिवासी नायकों को पूरा सम्मान दिला रही है।” यह कहना है PM मोदी का। मौका था हजारीबाग के विनोबा भावे विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का। PM ने यहां से धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान सहित कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और शुभारंभ किया। वहीं देशवासियों को 83,700 करोड़ रुपये की सौगात दी।
वहीं अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा कि “आज मुझे अफसोस है कि अब JMM भी कांग्रेस और RJD के रंग में रंग गई है। यह पुरानी JMM नहीं है, आज JMM पर कांग्रेस के इकोसिस्टम ने कब्जा कर लिया है। आज JMM पर कांग्रेस का भूत सवार है। भाषा बदली, चरित्र बदला और अब ये झारखंड की आत्मा को बदलने चले हैं। आज JMM सरकार झारखंड के विकास में बड़ी बाधा बन गई है। आज प्रदेश सरकार में जमीन के दलालों की तूती बोल रही है। इन्होंने गरीब आदिवासियों की जमीन को लूटा, झारखंड में कोयले की खुली लूट चल रही है, ठेके, पट्टे के नाम पर बालू की लूट हो रही है, जो खनिज विकास की पूंजी है, यह सरकार उसकी भी लूट कर रही है।”









