Hazaribagh : जिस घर में साथ जीने-मरने की कसमें खाई गई थीं, वहीं रिश्ते की डोर इतनी बेरहम हो गई कि जिंदगी ही छीन ली गई। हजारीबाग के इचाक थाना क्षेत्र में पति की हत्या के मामले ने पुलिस को भी चौंका दिया है। एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। मामले में पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान महिला ने अपने पति की हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
15 अगस्त को मिली मौत की खबर, जांच ने खोले राज
पुलिस को 15 अगस्त को एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली थी। शुरुआती तौर पर मामला संदिग्ध लगा। पुलिस ने जांच शुरू की और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की।जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, पुलिस के सामने कथित प्रेम प्रसंग और हत्या की पूरी कड़ी सामने आने लगी। इचाक पुलिस के अनुसार, महिला का एक युवक के साथ करीब दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बीते 14 अगस्त की रात महिला ने अपने प्रेमी को घर बुलाया। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने मिलकर महिला के पति की हत्या कर दी। पुलिस का दावा है कि पति की गला घोंटकर हत्या की गई। मामले की जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने प्रेमी को करियातपुर से गिरफ्तार कर लिया। महिला को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। दोनों की निशानदेही पर काला गमछा, तकिया, पारदर्शी पॉलिथिन, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किये हैं।








