Garhwa(Nityanand Dubey) : सड़क पर निकलते वक्त हर किसी की मंजिल घर लौटना होती है, लेकिन गढ़वा में सफर कब आखिरी सफर बन जाये, कहना मुश्किल है। तेज रफ्तार, यातायात नियमों की अनदेखी और सड़क सुरक्षा इंतजामों पर उठते सवालों के बीच जिले में सड़क हादसों का आंकड़ा लगातार डराने वाला होता जा रहा है। जनवरी से सितंबर 2026 तक गढ़वा में 188 सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इन हादसों में 133 लोगों की मौत हो गई, वहीं, 150 लोग घायल हुये। पिछले साल इसी अवधि में 132 दुर्घटनाओं में 89 लोगों की जान गई थी और 90 लोग घायल हुये थे। यानी एक साल के भीतर दुर्घटनाओं में 56, मौतों में 44 और घायलों की संख्या में 60 का इजाफा हुआ है। मौतों के बढ़ते आंकड़ों ने गढ़वा को झारखंड में सड़क हादसों से होने वाली मौतों के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंचा दिया है। पुलिस मुख्यालय की सड़क सुरक्षा शाखा की तुलनात्मक रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी से सितंबर 2026 के दौरान मौतों में सबसे अधिक 95 की वृद्धि धनबाद में दर्ज की गई। गढ़वा 44 अतिरिक्त मौतों के साथ दूसरे स्थान पर है।
पीछे छूट जाता है परिवार
नौ महीने में 133 मौतें। औसतन हर दो दिन में एक व्यक्ति सड़क हादसे का शिकार होकर अपनी जान गंवा रहा है। हर मौत के पीछे एक परिवार है, किसी का बेटा, किसी का पिता, किसी का भाई या किसी का जीवनसाथी। सड़क पर हुई एक लापरवाही कई जिंदगियों की खुशियां छीन लेती है। यह आंकड़ा सिर्फ दुर्घटनाओं का हिसाब नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा व्यवस्था के सामने खड़ी गंभीर चुनौती है। हादसों की संख्या बढ़ रही है, मौतें बढ़ रही हैं और घायलों का आंकड़ा भी लगातार ऊपर जा रहा है। सड़क हादसों पर नियंत्रण के लिये तीन नवंबर को उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई थी। इसमें वाहन जांच अभियान तेज करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल सुनिश्चित कराने तथा तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों और नाबालिग चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये थे। दुर्घटना संभावित स्थलों पर संकेतक, रिफ्लेक्टर, स्पीड ब्रेकर और रंबल स्ट्रिप लगाने के साथ स्कूलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया गया था। बैठक में रंका बाजार के थाना मोड़ के पास निजी पाइपलाइन से पानी रिसने के कारण सड़क क्षतिग्रस्त होने का मामला भी सामने आया था। यह मामला बताता है कि सड़क सुरक्षा केवल वाहन चालकों की सावधानी तक सीमित नहीं है। सड़कों की मरम्मत और रखरखाव भी उतना ही जरूरी है। इसके अलावा दुर्घटना के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिये एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया गया था। आम लोगों को आपातकालीन सेवा नंबर 112 और राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन 1033 की जानकारी देने का निर्देश भी दिया गया था।









