Ranchi : झारखंड के कई जिलों में आज शाम झमाझम बारिश हुई। काले बादल के बीच तेज गर्जना के साथ जोरदार बारिश हुई। ऐसे में मौसम विभाग ने राज्य के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। रांची के मौसम विभाग मंगलवार शाम ऑरेंज वॉर्निंग जारी करते हुये कहा है कि प्रभावित इलाकों में मध्यम दर्जे की बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। ऐसे में खुले स्थानों पर मौजूद लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
इन जिलों के लोगों को रहना होगा अलर्ट
ऑरेंज अलर्ट की जद में आने वाले जिलों में रांची, बोकारो, चतरा, देवघर, धनबाद, दुमका, गढ़वा, गिरिडीह, गोड्डा, गुमला, हजारीबाग, जामताड़ा, खूंटी, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, पाकुड़, पलामू, रामगढ़, साहिबगंज, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के कुछ हिस्से शामिल हैं। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें। यदि बाहर हों तो किसी सुरक्षित भवन में शरण लें। पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें और बिजली के खंभों व खुले तारों से दूरी बनाये रखें। किसानों को भी सलाह दी गई है कि मौसम सामान्य होने तक खेतों में काम करने न जायें, क्योंकि वज्रपात की आशंका जानलेवा साबित हो सकती है।















