Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं की जांच कर रही CID ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुये तीन संदेही गुनहगारों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई CID थाना (कांड संख्या 16/26 ,22 जुलाई 2026) के तहत जुटाये गये साक्ष्यों के आधार पर की गई। CID के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्य बरामद कर जब्त किये गये हैं। मामले की जांच अभी जारी है और आगे मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जायेगी। पकड़े गये संदेही गुनहगारों के नाम उमेश कुमार (पेप्सी ग्राउंड, तेतरी टोली, नामकुम, रांची), बुद्धेश्वर भगत (पिपरटोली, न्यू एरिया, जेमन नगर, रांची) एवं रमेश कुमार (भरमटोली, रिम्स, बरियातु, रांची) बताये गये हैं। तीनों को रांची के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गिरफ्तार किया गया।
डिजिटल साक्ष्य बने जांच की बड़ी कड़ी
CID ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण डिजिटल और अभिलेखीय साक्ष्य जब्त किये गये हैं। इनकी जांच के जरिये परीक्षा अनियमितताओं से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। CID का कहना है कि जांच लगातार आगे बढ़ रही है। अनुसंधान के दौरान जो भी नये तथ्य और साक्ष्य सामने आयेंगे, उनके आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी।














