Godda : गोड्डा के महागामा थाना के मांगन पिपरा में पान दुकानदार अमित मोदी (32) हत्याकांड का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। धारदार हथियार से सिर पर वार कर की गई इस हत्या की साजिश किसी और ने नहीं, बल्कि मृतक के अपने भाई और पत्नी ने मिलकर रची थी। गोड्डा SP के निर्देश पर SDPO चन्द्रशेखर आजाद के नेतृत्व में गठित SIT ने तकनीकी और खुफिया जानकारी के आधार पर कांड का खुलासा करते हुये तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी सोनी देवी और उसके देवर रोहित मोदी के बीच बीते 5-6 सालों से प्रेम प्रसंग और अवैध संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे और इसी रास्ते में बाधा बन रहे अमित को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।

रोहित मोदी ने अपने दोस्त मो. शाईन आलम को एक लाख रुपये की सुपारी दी। शाईन ने अपने पड़ोसी विजेंद्र पासवान उर्फ बिदो को 25 हजार रुपये में शामिल किया। हत्या से एक सप्ताह पहले गंडासा खरीदा गया। बीते 27 जनवरी की रात शराब पिलाने के बहाने अमित को घर से बुलाया गया और सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। चौंकाने वाली बात यह कि आरोपी शाईन, मृतक को उसकी पत्नी के सामने से लेकर गया। हत्या के बाद मोबाइल को पत्नी ने छुपा लिया और बाद में साक्ष्य मिटाने के लिए गंगा स्नान के दौरान नदी में फेंक दिया। मामले में पुलिस ने मो. शाईन आलम (25), विजेंद्र पासवान उर्फ बिदो (35), पत्नी सोनी देवी (30) को अरेस्ट कर लिया है। उनके पास से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे का गंडासा, खून लगी मिट्टी, दो मोबाइल और महुआ शराब से भरी प्लास्टिक बोतल बरामद कर दी है। तीनों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।










