Kohramlive : हमारे जीवन में वास्तु शास्त्र की भूमिका सिर्फ ईंट–पत्थर या दिशाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ऊर्जा, सुख-शांति और समृद्धि से गहराई से जुड़ा हुआ माना जाता है। मान्यता है कि अगर वास्तु के नियमों का सही तरीके से पालन किया जाये तो जीवन में तरक्की, खुशहाली और सकारात्मक बदलाव आते हैं। वहीं, कुछ छोटी-छोटी घटनायें भी ऐसी होती हैं, जिन्हें वास्तु में शुभ संकेत माना गया है। कहा जाता है कि अगर ये संकेत आपके घर या उसके आसपास दिखाई दें, तो समझ लीजिये कि किस्मत करवट लेने वाली है और जीवन में अच्छे दिन आने वाले हैं। आइये जानते हैं ऐसे ही कुछ शुभ संकेत, जिनका दिखना माना जाता है बेहद खास—
घर में चिड़िया का घोंसला बनना
वास्तु शास्त्र के अनुसार, अगर आपके घर के आसपास या बाउंड्री के भीतर किसी चिड़िया ने घोंसला बना लिया है, तो इससे शुभ कुछ भी नहीं हो सकता। यह संकेत देता है कि घर में सुख-समृद्धि आने वाली है। परिवार में नये मेहमान (शिशु जन्म) के योग बन सकते हैं। घर की नकारात्मक ऊर्जा खत्म होकर सकारात्मक ऊर्जा का वास हो चुका है अगर उस घोंसले में अंडे हों या चूजे निकल आये हों, तो यह शुभता कई गुना बढ़ जाती है।
बछड़े को दूध पीते देखना
वास्तु शास्त्र में गाय को मां लक्ष्मी का स्वरूप माना गया है, जबकि बछड़ा समृद्धि का प्रतीक है। अगर आपको घर के सामने या आसपास बछड़ा दूध पीते हुये दिख जाये तो यह बेहद शुभ संकेत माना जाता है। यह इशारा करता है कि धन और धान्य में वृद्धि होगी। परिवार में सुख-शांति बढ़ेगी। आर्थिक परेशानियां जल्द दूर होंगी। मान्यता है कि ऐसा दृश्य देखने पर अगर आप गाय को रोटी खिला दें, तो कोई खुशखबरी भी मिल सकती है।
तोता या उल्लू का दिखना
वास्तु शास्त्र में तोते का दिखना बेहद शुभ माना गया है। दिन के समय तोता दिखे तो अचानक लाभ या बड़ी सफलता के संकेत मिलते हैं। घर के आसपास तोता दिखे या उसकी आवाज सुनाई दे जाये तो समझिये कोई बड़ी खुशखबरी आने वाली है। वैवाहिक जीवन में मधुरता बढ़ेगी। नौकरी या कारोबार में तरक्की के योग बनेंगे। कुछ मान्यताओं में उल्लू का दिखना भी अचानक धनलाभ की ओर इशारा करता है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारियों और मान्यताओं पर आधारित है। Kohramlive.com इनकी किसी भी प्रकार की पुष्टि नहीं करता है।






