Garhwa(Nityanand Dubey) : “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाये,” स्वामी विवेकानंद के इस कालजयी संदेश ने आज गढ़वा की फिजा में नई ऊर्जा भर दी। राष्ट्रीय युवा दिवस के मौके पर युवाओं ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर ऐसी हुंकार भरी, जिसने समाज को नई दिशा देने का संकल्प रच दिया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज प्रसाद के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) के बैनर तले ‘ड्रग्स अवेयरनेस एंड वेलनेस नेविगेशन’ कार्यक्रम का समापन हुआ, जहां सचिव निभा रंजना लकड़ा के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने नशा मुक्ति की शपथ ली।जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कॉन्फ्रेंस हॉल में अधिवक्ता, पीएलबी सदस्य, समाजसेवी और छात्र एक साथ खड़े हुये , हाथ उठे, स्वर गूंजे और संकल्प लिया गया कि न खुद नशे के करीब जायेंगे, न परिवार को जाने देंगे, न समाज को इस दलदल में फंसने देंगे। यह शपथ एक सामाजिक जिम्मेदारी बनकर दिलों में उतरी।
शपथ ग्रहण के बाद सचिव निभा रंजना लकड़ा ने कहा कि युवा देश की असली ताकत हैं और नशा इस ताकत को दीमक की तरह चाट रहा है। स्वामी विवेकानंद का सपना तभी साकार होगा, जब हमारा युवा तन-मन से स्वस्थ होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान समाज बदलने की शुरुआत है। कार्यक्रम से पूर्व रामासाहू उच्च विद्यालय से
रंका मोड़ तक एक जागरूकता यात्रा निकाली गई। नारे लगे, संदेश फैला कि नशा नहीं, जीवन चुनो। इस मौके पर
LADC चीफ प्रवींद साहू और थानेदार सुनील तिवारी ने युवाओं को नशे के सौदागरों के खिलाफ डटकर खड़े होने का आह्वान किया। शपथ लेने वालों में मुख्य रूप से LADC चीफ प्रवींद साहू, PLV मुरली श्याम तिवारी, सुधीर कुमार चौबे, रमाशंकर चौबे, यशवंत मिश्रा, रविंद्र कुमार पाठक, समाजसेवी दौलत सोनी, संतोष दुबे और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र
शामिल रहे। कार्यक्रम की सफलता में PLV टीम का विशेष योगदान रहा।






