Tamilnadu : तमिलनाडु के तंजावुर जिले के एक मंदिर में बुधवार सुबह रथयात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। करंट लगने से 11 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 2 बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस ने कहा कि यह घटना उस समय हुई जब लोग मंदिर की पालकी पर खड़े थे, पालकी कालीमेडु के अप्पर मंदिर में एक हाई-ट्रांसमिशन लाइन के संपर्क में आ गई। अधिकारियों ने कहा कि मंदिर की पालकी को मोड़ने के समय ओवरहेड लाइन के संपर्क में आने के कारण यह भीषण हादसा हुआ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना में हुई लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। पीएम ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को दो लाख रुपये और दुर्घटना में घायल हुए लोगों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से देने की भी घोषणा की है।
जानकारी के मुताबिक तंजावुर के एक मंदिर में बुधवार की सुबह 94वां अप्पर गुरुपूजा उत्सव मनाया जा रहा था। जिसमें शामिल होने के लिए मंगलवार रात से ही आसपास के इलाकों से श्रद्धालु आ रहे थे। काफी भीडभाड़ थी कि बीच में ये बड़ी दुर्घटना हो गई। तस्वीरों में दिख रहा है कि करंट से रथ पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।














