Ramgarh : रामगढ़ का कुख्यात चुट्टूपालू घाटी एक बार फिर खून से लाल हो गई। रांची–पटना मुख्य मार्ग NH-33 पर भीषण सड़क हादसे में एक कंटेनर ने आगे चल रहे गिट्टी लदे हाइवा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर में तुरंत आग लग गई और चालक केबिन में फंस गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और चालक जिंदा जल गया। खबर मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक केबिन में फंसा चालक बुरी तरह जल चुका था। थानेदार नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि केबिन से अधजला शव बरामद हुआ है, जिसकी पहचान कर परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। हादसे के बाद NH-33 पर लंबा जाम लग गया और रांची–पटना मार्ग पूरी तरह ठप हो गया। किसी तरह एक लेन चालू कराई गई। दो क्रेन लगाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने का काम जारी है।
![]()












