Garhwa : गढ़वा में चुनाव पीसफुल कराने के लिहाज से आचार संहिता के उल्लंघन के मामलों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अबतक आचार संहिता उल्लंघन के इल्जाम में पांच केस दर्ज हो चुके हैं। पूरे राज्य में यह सार्वधिक संख्या है। 80- गढ़वा के निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि झामुमो पर साड़ी व घड़ी आदि बांटने के आरोप को लेकर रंका और रामकंडा क्षेत्र में 2 प्राथमिकी दर्ज हुई हैं, भाजपा पर 2 प्राथमिकी क्रमशः डुमरिया में अनाधिकृत सभा तथा शहर में मतदाताओं के बीच वस्त्र वितरण के आरोप पर गढ़वा थाना में दर्ज हुई हैं, वहीं एआईएमआईएम की रैली में डीजे प्रयोग करने को लेकर गढ़वा थाने में 1 प्राथमिकी दर्ज हुई है।
अनुमंडल पदाधिकारी ने आम मतदाताओं को जागरुक करते हुये कहा कि किसी भी प्रकार के आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत के लिए भारत निर्वाचन आयोग के सी-विजिल एप का प्रयोग किया जा सकता है। उक्त ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करना होता है। जहां कहीं भी आचार संहिता के विरुद्ध कोई घटना घट रही होती है उसका रियल टाइम वीडियो या फोटो इस ऐप पर अपलोड करना होता है, 100 मिनट के अंदर उस शिकायत पर अनिवार्यत: कार्रवाई होती है। इसलिए लोग आयोग के इस सशक्त टूल का प्रयोग जरूर करें और निष्पक्ष चुनाव करवाने में अपनी भागीदारी निभायें।
गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के तहत अब तक 10 शिकायतें इस एप के माध्यम से मिली है।






