Ranchi : मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की दिवंगत पुत्री तृषा सिंह के द्वादश कार्यक्रम और ब्रह्मभोज में CM हेमंत सोरेन और उनकी धर्मपत्नी विधायक कल्पना सोरेन मंगलवार को स्मार्ट सिटी, रांची स्थित आवास पहुंचे और दिवंगत तृषा सिंह को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। CM ने तृषा सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित किये और उनकी आत्मा की शांति के लिये प्रार्थना की। वहीं, कल्पना सोरेन ने भी पुष्प अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि देने के बाद CM हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों के साथ दुख साझा किया और इस कठिन समय में उन्हें हर संभव संबल देने की भावना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि स्वर्गीय तृषा सिंह की आत्मा को शांति मिले और परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान हो। इस भावुक अवसर पर राज्य सरकार के अन्य मंत्री, विधायक और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय तृषा सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।





