Ranchi : गर्म हवाओं से झुलसने की जो आशंका अप्रैल ने जगाई थी, मई ने उसे बादलों की बाहों में समेट लिया। झारखंड की धरती पर इन दिनों मौसम कुछ यूँ बरसा है जैसे किसी थके हुये राही पर साया बनकर छा जाये। जहां एक ओर मई के पहले पखवाड़े में झमाझम बारिश, तेज हवायें और बादलों की गड़गड़ाहट ने गर्मी को दरकिनार किया, वहीं आने वाले दिन और भी राहत लेकर आ रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो फिलहाल झारखंडवासियों को झुलसा देने वाली गर्मी से दो-चार नहीं होना पड़ेगा।
कहां-कहां बरसेंगे बादल
उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बन रहे दबाव ने उम्मीद जगाई है कि 28 से 31 मई तक झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी।
28 मई को दक्षिणी जिलों — पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला और सिमडेगा में भारी बारिश की चेतावनी है।
29 मई को उत्तर-पूर्वी इलाके — देवघर, गोड्डा, दुमका, साहिबगंज समेत कई जिलों में बारिश के आसार हैं।
30 और 31 मई को झारखंड के कई हिस्सों में वज्रपात और तेज गर्जन की संभावना है।
इन सभी दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। यानी सावधानी जरूरी है।
तापमान में भी राहत
पिछले 24 घंटों में कहीं तेज बौछारें, कहीं हल्की फुहारों ने गर्मी का असर कम कर दिया। सरायकेला में सबसे ज्यादा 37 डिग्री रहा तापमान, वहीं गुमला में न्यूनतम 21.6 डिग्री तक गिरावट देखी गई। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। 1 और 2 जून को भी रहमत जारी रहेगी, ऐसा मौसम केंद्र का पूर्वानुमान है। यानी फिलहाल सूरज की तपिश से नहीं, बादलों की सर्दाहट से भीगेगा झारखंड।














