Ranchi : झारखंड में मौसम इन दिनों अजीब दुविधा में है। सुबह और रात में बर्फीली हवायें कंपकंपी बढ़ा रही हैं, तो वहीं दिन चढ़ते ही धूप की गर्मी महसूस होने लगी है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान के बीच बढ़ते फासले ने लोगों की सेहत पर भी असर डालना शुरू कर दिया है। अस्पतालों में सर्दी-जुकाम, ब्लड प्रेशर और मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मौसम केंद्र रांची के मुताबिक बीते 24 घंटों में गुमला सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि डाल्टनगंज में 7.9 और जमशेदपुर में 12.6 डिग्री रहा। कुल मिलाकर ठंड का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। वहीं दूसरी तरफ, दिन के तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है। चाईबासा में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री तक पहुंच गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे ज्यादा स्तर है। सरायकेला में पारा 31 डिग्री और पूर्वी सिंहभूम में 30 डिग्री के पार चला गया है। ज्यादातर जिलों में दिन का तापमान 24 से 30 डिग्री के बीच बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि 12 फरवरी तक अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। हालांकि 19 फरवरी तक न्यूनतम तापमान कम रहने से सुबह-शाम ठंड परेशान करती रहेगी।
इसे भी पढ़ें : सोना-चांदी में फिर जबरदस्त…








