Palamu : इश्क ने फिर एक बार सरहदें लांघीं… मगर समाज ने उसे कुचल दिया। झारखंड के पलामू से दिल को दहला देने वाली ऑनर किलिंग की घटना सामने आई है। प्यार करने की कीमत यहां दो मासूम जानों ने अपने खून से चुकाई। विभा और सुभाष कुमार उर्फ़ कारू की प्रेम कहानी, अब दर्द भरी दास्तां बन चुकी है। शनिवार की शाम, कारू ने खेत में धान रोपवाया और सपनों से भरे मन से घर से निकला था। मगर उसे क्या पता था कि उसके इंतज़ार में सिर्फ़ प्रेमिका नहीं, मौत भी खड़ी है। कारू और विभा दोनों एक-दूसरे से बेइंतिहा मोहब्बत करते थे। लेकिन विभा के घरवालों को ये रिश्ता मंज़ूर न था। खबर है कि विभा की सगाई हो चुकी थी। लेकिन कारु और विभा का प्यार परवान पर था।
उन्होंने पहले अपनी ही बेटी की हत्या की, फिर कारू को लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा, आंख तक निकाल दी और अंत में दोनों की लाशों को कुएं में फेंक दिया। मानो प्यार ने उनकी इज़्ज़त छीन ली हो। रविवार शाम जब दोनों की लाश एक कुएं से मिली, तो गांव में सन्नाटा पसरा था। और हां, वो कुआं आरोपियों के घर से चंद कदमों की दूरी पर ही था…
पुलिस ने विभा के मां-पिता, चाचा और दो अन्य रिश्तेदारों को गिरफ़्तार कर लिया है। मामला अब हत्या की संगीन धाराओं में दर्ज है। वहीं कारू के भाई जयप्रकाश का कहना है “हम भाई को ढूंढते रहे, लेकिन लड़की के घरवाले इज़्ज़त का हवाला देकर हमसे झूठ बोलते रहे। वो जानते थे कि उन्होंने क्या किया है।”








