Bihar : इश्क और मुश्क छिपाये नहीं छिपते… और जब इश्क की भनक गांव वालों को लग जाये, तो मामला अक्सर गरमा जाता है। गिरिडीह के गावां में ऐसा ही कुछ देखने को मिला। बिहार के नवादा से एक युवक अपनी कथित शादीशुदा प्रेमिका से मिलने झाराढाब पहुंचा था। दोनों की मुलाकात की भनक ग्रामीणों को लग गई। फिर क्या था… ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया। इल्जाम है कि दोनों को एक पेड़ से बांध दिया गया। इसके बाद पंचायत जुटी। दोनों को खूब खरी-खोटी सुनाई गई। कुछ लोगों ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट भी की। इतना ही नहीं, पूरी घटना का वीडियो बनाया गया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो पुलिस-प्रशासन तक पहुंचा तो मामला पलट गया। गिरिडीह SP डॉ. बिमल कुमार ने मामले का संज्ञान लिया और थाना प्रभारी को तत्काल गांव भेजा। पुलिस मौके पर पहुंची और घंटों से बंधक बनाये गये दोनों को मुक्त कराया। इसके बाद दोनों को थाने लाया गया, जहां पूछताछ की जा रही है।
काफी समय से चल रही थी मुलाकात?
पुलिस के मुताबिक नवादा के गोविंदपुर निवासी युवक और झाराढाब की महिला के बीच कथित प्रेम संबंध था। युवक पहले भी महिला से मिलने गांव आता था। इस बार ग्रामीणों ने दोनों को साथ पकड़ लिया। गावां थानेदार जय प्रकाश कुमार ने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों और घटना का वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। यानी प्रेम कहानी चाहे जैसी भी हो, किसी को कानून अपने हाथ में लेने का हक नहीं। अब पुलिस उन लोगों की तलाश में है, जिन्होंने कथित तौर पर दोनों को बंधक बनाया और वीडियो वायरल किया।





