Hazaribagh : हजारीबाग के चरही थाना क्षेत्र स्थित L&T कंपनी के वेयरहाउस में हुई लूटमार की वारदात का खुलासा कर लिया गया है। बीती 18/19 जुलाई की रात हुई लूट की घटना में शामिल दो बदमाशों के अरेस्ट कर लिया गया। अपराधियों ने वेयरहाउस के गार्ड को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया था। हजारीबाग के SP के निर्देश पर गठित स्पेशल टीम ने टेक्निकल सेल की मदद से कांड के मुख्य सूत्रधार जमाल को पहले गिरफ्तार किया। वह मोहम्मद मिनहाज अंसारी का पुत्र है और रामगढ़ के रजरप्पा थाना क्षेत्र के मायापुर गांव का रहने वाला बताया गया है। गिरफ्तार जमाल ने अपना जुर्म कबूल कर पुलिस के सामने सबकुछ उगल दिये। उसकी निशानदेही पर दूसरे बदमाश नासिर को पकड़ा गया। वह रामगढ़ के रजरप्पा थाना क्षेत्र के जरियो गांव का रहनेवाला है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की निशानदेही पर लूट का सामान बरामद किया गया है। इसमें पांच मोबाइल फोन, LCD मॉनिटर एवं केबल वायर सहित लूट से जुड़े सामान शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ रामगढ़ जिले के अलग-अलग थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।








