Ranchi(Kuldeep Tiwari) : झारखंड आंदोलन की पहचान, जल-जंगल-जमीन की लड़ाई के सबसे बुलंद चेहरों में शुमार दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर मंगलवार को रांची से सटे नेवरी गोलंबर चौक का माहौल भावुक हो उठा। श्रद्धा, सम्मान और स्मृतियों के बीच झामुमो के नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने गुरुजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद बुजुर्ग महिलाओं के बीच साड़ियों और बुजुर्ग पुरुषों के बीच लुंगियों बांटी गई, वहीं, गुरुजी के सेवा और जनकल्याण के विचारों को याद किया गया। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि गुरुजी शिबू सोरेन का पूरा जीवन आदिवासी, दलित, गरीब और वंचित समाज के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित रहा। उन्होंने झारखंड आंदोलन को नई दिशा दी और अलग राज्य के सपने को साकार करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। नेताओं ने उनके बताये आदर्शों पर चलने और समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने घोषणा की कि भविष्य में इस स्थल को “शिबू सोरेन चौक” के नाम से जाना जायेगा। यह भी बताया गया कि गुरुजी की जयंती के अवसर पर यहां उनकी 18 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा का अनावरण करने का प्रस्ताव है।
नारों से गूंज उठा पूरा इलाका
कार्यक्रम के दौरान “गुरुजी शिबू सोरेन अमर रहें” और “शिबू सोरेन जिंदाबाद” के नारों से नेवरी गोलंबर का पूरा क्षेत्र गूंज उठा। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुये। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय, केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य, राज्यसभा सांसद महुआ मांझी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा रांची जिला अध्यक्ष मुस्ताक आलम, अंतू तिर्की, प्रखंड प्रमुख जावेद अख्तर अंसारी, सोमनाथ मुंडा, अब्दुल कुद्दूस अंसारी, नागेश्वर महतो, दिनेश महतो, नरेश यादव, मुमताज आलम, मोहसिन आलम, महताब आलम, जहूर अंसारी समेत कई सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने जरूरतमंदों के बीच वस्त्र वितरित किये।
नेवरी में गुरूजी के संघर्ष और जनसेवा को किया गया याद… देखें वीडियो#ShibuSoren #DishomGuru #Newri #Ranchi #JharkhandPolitics pic.twitter.com/7IuyA3RD1l
— KohramLive (@KohramLive) August 4, 2026








