Khunt : तीर छोटा था, लेकिन निशाना बड़ा। गुमला की युवा तीरंदाज अनुष्का तिवारी ने खूंटी में आयोजित राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में अपना ऐसा जलवा दिखाया कि उनके नाम एक साथ दो स्वर्ण पदक जुड़ गये। TCI DAV Public School, गोविंदपुर, खूंटी में 20 से 22 अगस्त तक आयोजित DAV State Level Archery Championship 2026 में अनुष्का ने अपनी सटीक निशानेबाजी से शानदार सफलता हासिल की।
40 मीटर में साधा सटीक निशाना, जीता गोल्ड
प्रतियोगिता की 40 मीटर स्पर्धा में अनुष्का ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुये स्वर्ण पदक अपने नाम किया। लेकिन उनकी जीत की कहानी यहीं नहीं रुकी। अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने Overall स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक हासिल किया और प्रतियोगिता में अपनी श्रेष्ठता साबित कर दी। अनुष्का की इस दोहरी सफलता से उनके विद्यालय, प्रशिक्षकों और परिवार में खुशी का माहौल है। गुमला जिले के खेलप्रेमियों में भी उनकी उपलब्धि को लेकर उत्साह है। कम उम्र में राज्य स्तरीय मंच पर दो स्वर्ण पदक जीतना बताता है कि प्रतिभा जब मेहनत और नियमित अभ्यास से मिलती है, तो निशाना सिर्फ लक्ष्य पर नहीं, इतिहास पर भी लगता है।
अब नजर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर
अनुष्का की सफलता पर उनके प्रशिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है। सभी ने उम्मीद जताई कि वह आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगी। उनकी यह उपलब्धि इलाके के उन तमाम बच्चों के लिये भी उम्मीद की किरण है, जो खेल की दुनिया में अपना मुकाम बनाना चाहते हैं। गुमला की इस बेटी ने अभी कमान संभाली है, निशाना साधा है और दो बार सोना जीता है। अब उम्मीद है कि यही तीर आने वाले दिनों में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी तिरंगे की शान बढ़ायेगा।








