Ranchi : हॉकी झारखंड की जूनियर महिला टीम ने एक बार फिर इतिहास रच दिया। पुणे में खेली जा रही 16वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर महिला चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में झारखंड ने मध्य प्रदेश को पेनाल्टी शूटआउट में 2-1 से हराकर लगातार 10वीं बार फाइनल में जगह बना ली। मध्य प्रदेश ने पहले क्वार्टर में बढ़त बनाई और मुकाबले के आखिरी मिनट तक 1-0 से आगे रही। लेकिन 60वें मिनट में एस्थर होरो ने शानदार फील्ड गोल दागकर झारखंड को बराबरी दिला दी। शूटआउट में सलोमी नाग और रजनी केरकेट्टा ने गोल किए, जबकि गोलकीपर गंगी बरला ने बेहतरीन बचाव कर जीत पक्की कर दी। एस्थर होरो को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। झारखंड इससे पहले चंडीगढ़ (6-0), पंजाब (3-1) और ओडिशा को हराकर सेमीफाइनल तक पहुंचा था। अब टीम खिताब जीतने से सिर्फ एक कदम दूर है।








