New Delhi: स्मार्टफोन बाजार में एक और नया खिलाड़ी दस्तक देने वाला है। Infinix Hot 70 Pro 5G अब भारत आने के लिये तैयार है। कंपनी ने गुरुवार को इसके इंडिया लॉन्च की आधिकारिक घोषणा कर दी है। फोन को सितंबर 2026 के पहले हफ्ते में भारतीय बाजार में पेश किया जायेगा। खास बात यह है कि फोन केवल फीचर्स के मामले में ही नहीं, बल्कि अपने डिजाइन और रियर लाइटिंग सिस्टम को लेकर भी लोगों का ध्यान खींच सकता है। भारत में Infinix Hot 70 Pro 5G को चार कलर ऑप्शन में उतारा जायेगा। Dive Blue, Mirage Green, Silk Glow Purple, Thermo Orange। फोन की बिक्री Flipkart और Infinix India की वेबसाइट के जरिये की जायेगी। इस फोन का सबसे दिलचस्प डिजाइन फीचर इसका Thermo Orange वेरिएंट है। इसका बैक पैनल तापमान के हिसाब से अपना रंग बदल सकता है। वहीं Mirage Green फिनिश रात में अलग लुक देती है। Silk Glow Purple वेरिएंट का टेक्सचर फोन को हिलाने पर बदलता है, जबकि Dive Blue में मैट फिनिश दी गई है। Infinix ने लॉन्च की तारीख और कलर ऑप्शन की जानकारी दे दी है, लेकिन भारत में Hot 70 Pro 5G की कीमत और सटीक कॉन्फिगरेशन का खुलासा अभी बाकी है।
पीछे चमकेगा ‘Active Matrix Cube’
Infinix Hot 70 Pro 5G में कंपनी ने Active Matrix Cube (AMC) रियर लाइटिंग सिस्टम दिया है। यह एक इंटरैक्टिव और कस्टमाइज होने वाला मिनी LED डॉट-मैट्रिक्स डिस्प्ले है। नोटिफिकेशन आने, म्यूजिक चलने, गेमिंग और फोन चार्ज होने के दौरान यह अलग-अलग तरह से ब्लिंक कर सकता है। फोन में 6.76-इंच IPS LCD डिस्प्ले दिया गया है। परफॉर्मेंस के लिए इसमें 6nm MediaTek Dimensity 7100 चिपसेट मिलता है। ग्लोबल मार्केट में फोन को 8GB तक RAM और 256GB तक स्टोरेज के साथ पेश किया गया है।
50MP कैमरा और 6000mAh तक की बैटरी
कैमरा सेटअप की बात करें तो इसमें 50MP रियर कैमरा, 8MP फ्रंट कैमरा दिया गया है। फोन में 5,600mAh या 6,000mAh बैटरी विकल्प मिलने की जानकारी है। यह 45W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। वहीं, फोन को धूल और पानी से सुरक्षा के लिये IP68 रेटिंग भी मिली है।








