Bihar : समस्तीपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 70 साल की रामदुलारी देवी को मारपीट के बाद आग के हवाले कर दिया गया। बेतरह झुलसी रामदुलारी को पहले जिला अस्पताल फिर DMCH और फिर बेहतर इलाज के PMCH ले जाया गया। जहां बीते कल उन्होंने दम तोड़ दिया। मरने से पहले रामदुलारी देवी ने पुलिस को अपना बयान दिया। जिसमें पड़ोसी निरंजन पासवान समेत आधा दर्जन लोगों को अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है। घटना के बाद से लोगों का गुस्सा उबाल पर है। गुस्साये लोगों ने बीती रात मगरदही घाट चौक पर आगजनी कर समस्तीपुर-दरभंगा-रोसड़ा रोड को जाम कर दिया।
घटना के बारे में जो बातें सामने आयी उसके मुताबिक रामदुलारी का छोटा पोता अंकित पड़ोस में रहनेवाली सपना से प्यार करता था। उनका घर शहर के खाटू मंदिर के पास है। रामदुलारी का बड़ा बेटा ललित प्रसाद साह टैंट हाउस चलाता है। अंकित रामदुलारी के छोटे बेटे मनोज साह का बेटा है। अंकित और सपना के घरवाले शादी को तैयार नहीं थे। बीते 15 सितंबर को अंकित और सपना ने कोर्ट मैरिज कर ली। इसके बाद थानेश्वर स्थान मंदिर में जाकर शादी कर ली। जैसे ही सपना के घरवालों को इसकी भनक लगी। वे आग बबूला हो गये। वे लोग ललित के घर पर आकर हंगामा कर गाली गलौच करने लगे।
मां रामदुलारी देवी टैंट हाउस में रात में अकेले सोती थी। बीते 17 सितंबर की रात लड़की पक्ष के लोग टैंट हाउस में जा घुसे। अंकित के बारे में पूछने पर दादी ने कहा वह यहां नहीं है। इसी गुस्से में लड़की के पिता निरंजन पासवान ने अपने साथियों के साथ मिलकर बुजुर्ग दादी से मारपीट की। वहीं जिस बिस्तर पर वह सोई थी उसे आग के हवाले कर दिया। इस बात की खबर मिलते ही बेटा ललित वहां पहुंचा। बेतरह झुलसी मां को अस्पताल ले जाया गया। बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना रेफर कर दिया गया। मरने से पहले उसने पटना पुलिस के सामने बयान दिया है।
मामले में सदर DSP संजय पांडेय ने बताया कि पटना पुलिस से प्राप्त हुए बयान के आधार पर FIR दर्ज की गई है। घटना का कारण मृतक महिला के पोते द्वारा पड़ोस की लड़की से लव मैरिज करना है। पुलिस ने तहकीकात शुरू कर दी है।












