Garhwa : गढ़वा वासियों के लिए खुशखबरी है। अब रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस झारखंड के एक और स्टेशन पर रुकेगी। बीते लंबे समय से गढ़वा के श्रीबंशीधर नगर रेलवे स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस(12453, 12454) के ठहराव की मांग की जा रही थी। इस बात की जानकारी पलामू सांसद वीडी राम ने दी। उन्होंने बताया कि श्री बंशीधर नगर को केंद्र सरकार ने कृष्णा कॉरिडोर में शामिल करने की घोषणा पहले ही की थी। अब केंद्रीय रेल मंत्रालय ने यहां राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव को मंजूरी दे दी है। इसके लिए जल्द ही भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा और विधिवत ठहराव शुरू होगा। गौरतलब है कि गढ़वा के श्रीबंशीधर नगर का अपना ही ऐतिहासिक महत्व है। यहां भगवान श्री कृष्ण की सबसे ज्यादा वजन वाली 32 मन सोने की मूर्ति है।











