Kohramlive : इस हफ्ते भारतीय सर्राफा बाजार में सोना और चांदी ने नया इतिहास रच दिया है। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और युद्ध की आशंकाओं के बीच सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने से दोनों धातुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं। MCX पर सोने का अप्रैल वायदा भाव करीब 1,69,880 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया है, जो 1.70 लाख रुपये के मनोवैज्ञानिक स्तर के बेहद करीब है। वहीं चांदी का मई वायदा भाव 2,85,000 रुपये प्रति किलो के पार निकल गया है और अब यह 3,00,000 रुपये के ऐतिहासिक स्तर की ओर बढ़ रहा है। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और वैश्विक अनिश्चितता के कारण निवेशक सुरक्षित विकल्प के तौर पर सोने-चांदी में पैसा लगा रहे हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक अगर तेजी बरकरार रही तो सोना जल्द 1.70 लाख रुपये का आंकड़ा पार कर सकता है, जबकि चांदी 3.05 लाख रुपये तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि बाजार में उतार-चढ़ाव को देखते हुये निवेशकों को सावधानी और सही रणनीति के साथ निवेश करने की सलाह दी गई है।














