Kohramlive : अच्छी और दमकती त्वचा पाने के लिये आजकल लोग तरह-तरह के कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स, ब्यूटी पार्लर और घरेलू नुस्खों का सहारा लेते हैं। महिलाएं हों या पुरुष, हर कोई चाहता है कि उसकी स्किन हेल्दी और ग्लोइंग दिखे। लेकिन रिसर्चर्स का कहना है कि अगर आप नेचुरल तरीके से खूबसूरती बढ़ाना चाहते हैं, तो इसका सबसे आसान रास्ता आपकी थाली से होकर गुजरता है।
विटामिन C: सेहत भी, खूबसूरती भी
वैज्ञानिकों के मुताबिक, विटामिन C से भरपूर आहार न सिर्फ शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि त्वचा की सेहत में भी अहम भूमिका निभाता है। त्वचा हमारे शरीर की नैचुरल सुरक्षा ढाल है, जो रोजाना धूप, प्रदूषण और हवा के संपर्क में आकर कमजोर होती रहती है। इस सुरक्षा कवच को मजबूत बनाये रखने में कोलेजन सबसे अहम तत्व है। कोलेजन त्वचा की इलास्टिसिटी (लचीलापन), कसाव, नमी को बनाये रखता है। यही नहीं, यह झुर्रियों को कम करने, स्किन को टाइट रखने और नेचुरल रीजेनेरेशन की प्रक्रिया को तेज करने में मदद करता है। ज्यादा धूप से होने वाले नुकसान को भी यह काफी हद तक कम करता है। एक्सपर्ट्स बताते हैं कि शरीर विटामिन C को स्टोर नहीं करता, इसलिये इसे रोजाना आहार के जरिये लेना जरूरी है। स्वस्थ व्यक्ति को खून में सही स्तर बनाये रखने के लिये प्रतिदिन लगभग 250 मिलीग्राम विटामिन C की जरूरत होती है। विटामिन C के अच्छे स्रोत ताजे फल, खट्टे फल (संतरा, नींबू), बेरी, शिमला मिर्च, ब्रोकली माने गये हैं।
कॉस्मेटिक नहीं, खाने से ज्यादा फायदा
विटामिन C का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर स्किनकेयर प्रोडक्ट्स में किया जाता है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि खाने के जरिये लिया गया विटामिन C ज्यादा असरदार होता है। डाइट से लिया गया विटामिन C खून में मिलकर त्वचा की हर परत तक पहुंचता है, जिससे कोलेजन प्रोडक्शन बढ़ता है, स्किन टाइट होती है, त्वचा के पतले होने की समस्या कम होती है। हार्वर्ड हेल्थ पब्लिशिंग के अनुसार, विटामिन C त्वचा में पिगमेंट के उत्पादन को रोककर काले धब्बों को कम करने में भी मदद करता है।
रिसर्च में क्या सामने आया?
न्यूजीलैंड की ओटागो यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने विटामिन C और स्किन हेल्थ पर एक खास अध्ययन किया। इस स्टडी में 24 स्वस्थ लोगों को शामिल किया गया, जिन्हें 8 हफ्तों तक रोजाना दो कीवी फल दिये गये, जो लगभग 250 मिलीग्राम विटामिन C के बराबर है। अध्ययन में इन बिंदुओं जैसे स्किन और खून में विटामिन C का स्तर, त्वचा की मोटाई और इलास्टिसिटी, अल्ट्रावॉयलेट किरणों से बचाव, स्किन सेल रीजेनेरेशन पर नजर रखी गई। नतीजा, खून और त्वचा में विटामिन C के स्तर में सीधा संबंध पाया गया। विटामिन C से भरपूर डाइट से स्किन की सभी परतों तक इसका असर पहुंचता है। स्किन सेल्स खून से विटामिन C को बेहद कुशलता से सोखती हैं। महंगे ब्यूटी ट्रीटमेंट्स से पहले अगर आप अपनी डाइट पर ध्यान दें और विटामिन C से भरपूर चीजें रोजाना खायें, तो नेचुरल ग्लो पाना मुश्किल नहीं है।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी सामान्य जागरूकता के उद्देश्य से दी गई है। Kohramlive.com इसकी वैज्ञानिक पुष्टि का दावा नहीं करता। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी निर्णय से पहले डॉक्टर या विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।






