Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के सदर अस्पताल में मरीजों को खूब परेशानी हुई। कुछ मरीजों का कहना था कि दिन के 11 बजे के बाद OPD में खोजने पर भी कोई डॉक्टर नहीं मिला। मंगलवार को सर्जरी एवं हड्डी रोग OPD में डा.नौशाद आलम, गाइनी में डॉ .पुनम कुमारी, नेत्ररोग में डॉ.राहुल कुमार एवं शिशु रोग में डॉ.भाष्कर के नामों की ड्यूटी चार्ट लगी थी। इन सभी OPD में कोई डॉक्टर नहीं मिला। दोपहर 1 बजे के बाद इस बात की शिकायत लेकर कई मरीज एवं उनके परिजन अस्पताल के उपाधीक्षक डा.हरेनचंद्र महतो कार्यालय में गये, इल्जाम है कि वो भी अपने कार्यालय में नहीं थे। इसके बाद डायल 104 में इस बात की शिकायत की गई। दोपहर 2 बजे के बाद सर्जरी OPD में डॉक्टर आये। सदर अस्पताल की इस खराब हालत को देख कई लोगों के आंखों में आंसू तक छलक आये।
कुछ लोगों का कहना था कि पलामू के रेहला गांव से दो साल के एक बच्चे को सदर अस्पताल में लाया गया था। तब शिशुरोग OPD में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं थे। इसके चलते घरवाले बेहद परेशान रहे। बाद में बच्चे को मेडिसिन OPD में दिखाया गया। इसी तरह सोनदाग की तैरून बीबी अपने दायें पैर में लगी चोट का एक्सरे व जांच रिपोर्ट दिखाने के लिये सर्जरी OPD में चिकित्सक के आने का इंतजार करती रही। वहीं, छत से गिर बच्चे आयुष कुमार को लेकर उनके घरवाले सर्जरी OPD में पहुंचे थे, पर उन्हें डॉक्टर नहीं मिले। खबर है कि गाइनी OPD की डॉक्टर यहां से चली गई है, वो यहां ट्रेनिंग में आई थी। वहीं, नेत्ररोग के चिकित्सक डॉ.राहुल कुमार प्रशिक्षण लेने के लिए बाहर गये हैं। इस बारे में अस्पताल के प्रबंधक एसएम त्रिपाठी ने कहा कि मैं अभी गढ़वा में नहीं हूं, जानकारी लेने के बाद ही कुछ बता पाऊंगा कि OPD से डॉक्टर क्यों उठ कर चले गये।










