Ranchi : झारखंड की सियासी गलियों में आज कुछ अलग ही हलचल है, चौक-चौराहों पर चर्चा, मोहल्लों में गहमागहमी और मतगणना केंद्रों के बाहर टकटकी लगाये समर्थक। वजह साफ है नगर निकाय चुनाव के नतीजे! राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में ‘छोटी सरकार’ चुनने का फैसला अब धीरे-धीरे साफ हो रहा है। यहां याद दिला दें कि बीते 23 फरवरी को 48 नगर निकायों में मतदान हुआ था। आज 27 फरवरी को सुबह 8 बजे से मतगणना जारी है। राज्यभर में 25 से ज्यादा काउंटिंग सेंटर बनाये गये हैं। 9 नगर निगम, 19 नगर परिषद और 20 नगर पंचायत के लिये चुनाव हुये। बैलेट पेपर से वोटिंग हुई। अलग-अलग रंग के मतपत्रों से गिनती जारी है। राजधानी रांची में मेयर की कुर्सी पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है। शुरुआती रुझानों में भाजपा समर्थित रोशनी खलखो मजबूत बढ़त पर है। करीब 12–13 हजार वोटों से आगे बताई जा रहीं है। कई वार्डों के परिणाम भी घोषित होने लगे हैं। रांची की सड़कों पर समर्थकों के चेहरे बता रहे हैं कि “कौन बनेगा शहर का नया सरताज?”
कई शहरों में रिजल्ट घोषित, नये चेहरे, पुराने दिग्गज
धीरे-धीरे अलग-अलग निकायों से जीत की खबरें आनी शुरू है। गोड्डा नगर परिषद से सुशील रमानी विजयी घोषित हुये। पाकुड़ से शबरी पाल ने बाजी मारी। लातेहार में महेश सिंह की जीत हुई। खूंटी से रानी टुटी अध्यक्ष पद पर जीतीं। कहीं पुराने चेहरों की वापसी हुई तो कहीं नये नामों ने चौंका दिया।
साहिबगंज में पासवान की दमदार जीत
साहिबगंज नगर परिषद में रामनाथ पासवान ने शानदार जीत दर्ज की। यह मुकाबला कई दलों की प्रतिष्ठा से जुड़ा था, इसलिए परिणाम ने राजनीतिक समीकरणों को भी झकझोर दिया।
48 निकायों का भविष्य तय… जनता ने दिखाया जोश
- 43 लाख से ज्यादा मतदाताओं ने वोट किया
- 560 से अधिक उम्मीदवार मैदान में
- हजारों वार्ड पार्षद प्रत्याशी चुनावी दंगल में








