Hazaribagh(Sunil Sahu) : हजारीबाग के नगर भवन में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई, रामनवमी और ईद जैसे पावन पर्वों की दस्तक पर हर चेहरे पर एक ही संकल्प था— “शहर की शांति और परंपरा को बरकरार रखना। बैठक की अध्यक्षता कर रही DC नैंसी सहाय ने जब माइक संभाला, तो उनकी बातों में प्रशासनिक सख्ती के साथ-साथ एक मां की तरह शहर के बच्चों को संभालने की लय भी थी। उन्होंने कहा, “हजारीबाग की रामनवमी सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि हमारी पहचान है। इसे सौहार्द और प्रेम से मनाना हमारी जिम्मेदारी भी है और गर्व भी।” शहर में रामनवमी का जुलूस हर साल अपनी भव्यता के लिए प्रसिद्ध होता है, लेकिन इस बार प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया कि DJ और भड़काऊ गानों की नहीं, बल्कि भक्ति गीतों और पारंपरिक संगीत की गूंज सुनाई देगी। “हमें भक्तों की श्रद्धा चाहिये, अराजकता नहीं!”— यह संदेश DC नैंसी सहाय ने पूरे जिले को दिया।
वहीं, हजारीबाग पुलिस कप्तान अरविंद कुमार सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जनता को भरोसा दिलाया और कहा कि “हर गलियों, हर चौक-चौराहों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। ड्रोन कैमरे, CCTV और सादे कपड़ों में तैनात जवान किसी भी अप्रिय घटना से पहले ही कार्रवाई करेंगे। अफवाहों से बचें और प्रशासन का सहयोग करें।” रामनवमी का अखाड़ा जुलूस हजारीबाग की शान है। इस बार प्रशासन ने बेहतरीन और सौहार्दपूर्ण जुलूस निकालने वाले अखाड़ों को पुरस्कृत करने का फैसला किया है। यह खबर सुनकर रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष बसंत यादव ने भी प्रशासन को भरोसा दिलाया—“रामनवमी का जुलूस भव्य भी होगा और मर्यादित भी। अखाड़ा समितियां प्रशासन के हर नियम का पालन करेंगी।”
गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक बनेगा यह पर्व
बैठक में मौजूद दोनों समुदायों के वरिष्ठ जनों ने आपसी भाईचारे का वचन दिया। “ईद हो या रामनवमी, यह त्योहार सिर्फ धर्म का नहीं, पूरे समाज का होता है। हम सब मिलकर इसे सुरक्षित और सुखद बनायेंगे!” प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे सतर्क रहें, लेकिन बेवजह किसी अफवाह का शिकार न हों। सोशल मीडिया पर फैलाई जाने वाली अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
हजारीबाग की परंपरा बनी रहे— यही है सबसे बड़ा संकल्प
बैठक में मौजूद DC, SP, सदर SDO, बरही SDO महासमिति के अध्यक्ष, विभिन्न अखाड़ों के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य और शहर के गणमान्य लोग सभी ने एक स्वर में शांति और सौहार्द बनाये रखने का संकल्प लिया।














