Ranchi : मोबाइल टावरों में लगे उपकरण और पावर केबल चोरी करने वाले गिरोह का रांची पुलिस ने खुलासा किया है। मुरी ओपी और सिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से चोरी का तांबे का तार, अन्य सामान और वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक बरामद हुई है। मामला मुरी ओपी सिल्ली थाना कांड संख्या 49/2026 से जुड़ा है। 27 जुलाई की रात जामटोला स्थित INDUS TOWER से पावर केबल चोरी हो गया था। कंपनी के टेक्नीशियन की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। SSP के निर्देश पर SP ग्रामीण के नेतृत्व में और DSP सिल्ली मनीषचंद्र लाल की अगुवाई में टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल नंबरों की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची।पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया।
ये चार आरोपी गिरफ्तार
विशाल चटर्जी (23), चास, बोकारो
अंकित कुमार (23), चास, बोकारो
अभय कुमार पाल (35), चास, बोकारो
आदित्या साहू (19), बोकारो
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार विशाल चटर्जी का पूर्व में चोरी के दो मामलों का आपराधिक इतिहास भी है।
क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस ने मौके से JH09BN2652 नंबर की काली पल्सर बाइक, दो बोरियों में करीब 11.5 किलो तांबे का तार और अन्य तांबे के सामान तथा कॉपर तार का काला कवर बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल टावरों की सुरक्षा नेटवर्क कंपनियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। गिरोह के पकड़े जाने से इलाके में टावर उपकरण चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।















