Garhwa(Nityanand Dubey) : सरकारी योजनाओं की निगरानी और जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर गढ़वा जिला प्रशासन ने BDO और CO के लिए सख्त आदेश जारी किया है। DC पशुपति नाथ मिश्रा ने सभी अधिकारियों को अपने प्रखंड-सह-अंचल मुख्यालय में अनिवार्य रूप से रहने का निर्देश दिया है। प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई BDO और CO अपने मुख्यालय में रहने के बजाय जिला या अनुमंडल मुख्यालय से काम कर रहे हैं। इससे आम लोगों को अधिकारियों से मिलने और अपनी समस्यायें रखने में परेशानी हो रही थी। DC ने कहा कि सभी प्रखंड-सह-अंचल मुख्यालयों में अधिकारियों के लिए सरकारी आवास उपलब्ध हैं। इसके बावजूद मुख्यालय से बाहर रहना उचित नहीं है। अधिकारी मुख्यालय में रहेंगे तो योजनाओं की निगरानी, कर्मचारियों पर नियंत्रण और जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान बेहतर तरीके से हो सकेगा।
14 अगस्त तक देनी होगी रिपोर्ट
जो BDO और CO अभी मुख्यालय में नहीं रह रहे हैं, उन्हें 14 अगस्त 2026 तक हर हाल में मुख्यालय में आवासित होना होगा। इसके साथ ही मुख्यालय में रहने संबंधी प्रतिवेदन जिला गोपनीय शाखा में जमा करना होगा। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि 15 अगस्त के बाद जांच होगी। यदि कोई BDO या CO अपने निर्धारित मुख्यालय में नहीं मिला, तो उसके खिलाफ कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जायेगी।















